UP की अफसरशाही में बड़ा फेरबदल, शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक कई अहम विभागों की कमान बदली
- Ankit Rawat
- 19 Sep 2025 01:24:34 PM
उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में बड़ा बदलाव किया गया है। सरकार ने एक झटके में कई वरिष्ठ आईएएस अफसरों के विभाग बदल दिए। इस फेरबदल में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग, नागरिक उड्डयन और पशुपालन जैसे अहम विभागों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है। ये बदलाव आने वाले दिनों में प्रशासन की रफ्तार और कामकाज की दिशा तय करेंगे।
दीपक कुमार को मिला आईडीसी का चार्ज
सबसे बड़ा बदलाव इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कमिश्नर (IDC) के पद पर हुआ है। ये जिम्मेदारी पहले मुख्य सचिव के पास थी, लेकिन अब इसे अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार को सौंप दिया गया है। उनके पास सीईओ यूपीडा, नागरिक उड्डयन समन्वय और परियोजना निदेशक यूपीडॉप जैसे अहम प्रभार भी रहेंगे।
शिक्षा विभाग की बागडोर बदली
प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को अब पार्थ सारथी सेन संभालेंगे। उन्हें प्रमुख सचिव बेसिक और माध्यमिक शिक्षा बनाया गया है। उम्मीद की जा रही है कि नई जिम्मेदारी के साथ वो स्कूलों और कॉलेजों में सुधार की दिशा में काम करेंगे।
पर्यटन और संस्कृति की नई कमान
पर्यटन और संस्कृति विभाग अब अमृत अभिजात को सौंपा गया है। उन्हें प्रमुख सचिव पर्यटन, संस्कृति और धर्मार्थ कार्य बनाया गया है। सरकार चाहती है कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इस विभाग में नई ऊर्जा आए।
नगर विकास और अन्य बड़े बदलाव
पी गुरु प्रसाद को प्रमुख सचिव नगर विकास नियुक्त किया गया है। इसके अलावा संजय प्रसाद से नागरिक उड्डयन का विभाग हटा लिया गया है, हालांकि बाकी जिम्मेदारियां पहले जैसी ही रहेंगी। अनामिका सिंह को आयुक्त खाद्य एवं रसद बनाया गया है। वही भूपेंद्र एस. चौधरी को कमिश्नर बरेली की जिम्मेदारी मिली है।
अतिरिक्त प्रभार वाले अफसर
अजय चौहान को मौजूदा पद के साथ सीईओ उपशा का चार्ज मिला। वहीं आलोक कुमार (III) को प्रमुख सचिव भाषा और सामान्य प्रशासन से हटाकर जीरो पॉवर्टी यूपी अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया। साथ ही मनीष चौहान को प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन, भाषा और राष्ट्रीय एकीकरण का जिम्मा सौंपा गया। जबकि रणवीर प्रसाद को मौजूदा पद के साथ प्रमुख सचिव राजस्व का अतिरिक्त चार्ज दिया गया।
स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग
अमित कुमार घोष को प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा का जिम्मा सौंपा गया है। वहीं मुकेश कुमार मेश्राम को प्रमुख सचिव पशुपालन, दुग्ध विकास और मत्स्य विभाग बनाया गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



