मिर्जापुर में बिरहा गायिका का बवाल, मां दुर्गा पर अश्लील गाना गाने वाली सरोज सरगम पति समेत गिरफ्तार
- Shubhangi Pandey
- 24 Sep 2025 10:56:36 PM
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में बिरहा गायिका सरोज सरगम और उनके पति की गिरफ्तारी ने सनसनी मचा दी है। मड़िहान थाना क्षेत्र की रहने वाली सरोज ने अपने यूट्यूब चैनल पर मां दुर्गा के खिलाफ अश्लील और आपत्तिजनक गाना अपलोड किया था। इस गाने ने हिंदू संगठनों और आम लोगों में जबरदस्त गुस्सा भड़का दिया। सोशल मीडिया पर विरोध की लहर के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और सरोज सरगम व उनके पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। साथ ही, उनके कब्जे से वन विभाग की 15 बीघा सरकारी जमीन भी मुक्त कराई गई।
मां दुर्गा पर अभद्र टिप्पणी
सरोज सरगम ने अपने एक बिरहा गाने में मां दुर्गा के लिए बेहद आपत्तिजनक और भद्दी टिप्पणियां की थीं। गाने में महिषासुर राक्षस का जिक्र करते हुए उन्होंने मां दुर्गा को अपमानित किया। यही नहीं उनके यूट्यूब वीडियो के थंबनेल में भी गालियां लिखी गईं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। इस गाने को देखकर हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। सोशल मीडिया पर लोगों ने स्क्रीनशॉट शेयर कर मिर्जापुर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पति-पत्नी जेल में
विवाद बढ़ता देख मड़िहान पुलिस ने तुरंत हरकत में आई। मिर्जापुर के एसएसपी सोमेन वर्मा ने बताया कि सरोज सरगम और उनके पति को मड़िहान थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पति पर आरोप है कि उन्होंने इस विवादित गाने को शूट करने में मदद की थी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया। इसके साथ ही, जांच के दौरान राजस्व विभाग ने पाया कि सरोज और उनके पति ने वन विभाग की 15 बिघा जमीन पर अवैध कब्जा किया था, जिसे अब मुक्त करा लिया गया है।
सोशल मीडिया पर मुहिम
सरोज सरगम का यूट्यूब चैनल पहले भी हिंदू देवी-देवताओं और खासकर ब्राह्मणों के खिलाफ आपत्तिजनक कंटेंट के लिए विवादों में रहा है। उनके चैनल पर करीब 63 हजार सब्सक्राइबर हैं और 40 से ज्यादा वीडियो अपलोड हैं। इस बार मां दुर्गा पर टिप्पणी ने लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंचा दिया। एक्स पर यूजर्स ने पुलिस को टैग कर गिरफ्तारी की मांग की। कई लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया। अब पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



