Bahraich में बाघ का आतंक! घास काटने गए युवक का किया शिकार, ग्रामीणों में दहशत
- Ankit Rawat
- 27 Oct 2025 06:45:36 PM
बहराइच में एक बाघ ने 21 साल के एक युवक को मार डाला। बाघ उसे सरयू नहर के पास एक खेत में घसीटकर ले गया और उसके सिर, छाती और चेहरे पर काट लिया। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो बाघ भाग गया। पीड़ित संजीत कुमार को बाइक से मिहीपुरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ये घटना कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज में हुई।
खेती में पिता का हाथ बंटाता था युवक
मृतक संजीत कुमार रामपुरवा के एक छोटे से गांव मुखिया में रहते थे। उनके पिता एक किसान हैं। मूल रूप से झारखंड का रहने वाला उनका परिवार 1980 में बहराइच में बस गया था। संजीत अपनी मां फूलमती, पांच भाइयों और दो बहनों के साथ रहता था। उसने इसी साल इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की थी और खेती में अपने पिता का हाथ बंटाता था।
खेत में बाघ का हमला
संजीत अपने घर से लगभग एक किलोमीटर दूर हल्दी के खेत में घास काटने गया था। सरयू नहर के किनारे से एक बाघ निकला और उस पर हमला कर दिया। वो उसे खेत में घसीटते हुए ले गया। उसके सिर को अपने जबड़ों में जकड़ लिया और उसकी छाती और चेहरे पर काटने लगा। आस-पास के ग्रामीणों ने उसकी चीखें सुनीं और मदद के लिए दौड़े। बाघ भाग गया लेकिन संजीत की तब तक मौत हो चुकी थी। उसके सिर, चेहरे और छाती पर पंजों और दांतों के निशान पाए गए।
अस्पताल ले जाते वक्त मौत
पड़ोसी अमित साहनी ने बताया, "मैं लगभग 50 मीटर दूर अपने खेत में काम कर रहा था। अचानक मैंने संजीत की चीख सुनी। मैंने देखा कि एक बाघ उसे घसीट रहा है और उसका सिर अपने जबड़ों में दबा रहा है। हमने शोर मचाया और बाघ को भगाया। बाघ वापस जंगल में भाग गया। हम संजीत को बाइक पर अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी।"
संजीत की मां फूलमती हादसे में बाद बेसुध थीं। उन्होंने कहा, "मेरे बेटे ने मुझसे कहा था कि वो घास साफ करके जल्द ही लौट आएगा। मुझे नहीं पता था कि वो वापस नहीं आएगा। मैंने उसे खेत में बेहोश पड़ा पाया। काम पर जाने से पहले उसने हमारे साथ दोपहर का खाना खाया था।" ग्रामीणों ने बताया कि इस इलाके में हर साल बाघ के हमले आम बात हैं। ऐसे हमलों में कई लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन अधिकारियों ने सुरक्षा के कड़े कदम नहीं उठाए हैं। स्थानीय लोग जंगल के पास खेतों में काम करते समय अपनी जान को लेकर डरते हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



