Lucknow रेलवे अस्पताल में देर रात लगी भीषण आग, CCU वार्ड में मचा हड़कंप!
- Ankit Rawat
- 27 Oct 2025 06:55:41 PM
लखनऊ के आलमबाग में रेलवे अस्पताल में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। कुछ ही पलों में अस्पताल धुएं से भर गया। लोगों को सांस लेने में तकलीफ़ होने लगी। अस्पताल में मौजूद मरीज़ों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) वार्ड में भर्ती 12 से ज़्यादा मरीज़ों को तुरंत निकालकर दूसरे वार्डों में शिफ्ट कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सोमवार सुबह लगभग 5 बजे ग्राउंड फ्लोर पर सर्वर रूम से कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट की वजह से धुआं उठने लगा। कुछ ही पलों में आग की लपटें दिखाई देने लगीं।
कैसे हुआ हादसा?
सीसीटीवी और सर्वर मशीनों की वायरिंग में आग लग गई। जिससे पूरे भूतल पर धुआं फैल गया। अस्पताल में फायर अलार्म बजने लगे। अस्पताल के कर्मचारियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। धुएं की वजह से सीसीयू वार्ड में मरीजों के लिए सांस लेना मुश्किल हो गया। नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टरों ने तुरंत स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की मदद से मरीजों को बाहर निकाला। उन्हें अस्थायी रूप से दूसरे वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया। ऑक्सीजन सपोर्ट और निगरानी की व्यवस्था की गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगनी की आशंका
अग्निशमन अधिकारियों के मुताबिक सर्वर रूम की वायरिंग पूरी तरह जलकर राख हो गई। समय पर राहत कार्य शुरू होने से कोई बड़ी क्षति या जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। शुरुआती जांच में अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई है। सीसीटीवी और सर्वर रूम में कई इलेक्ट्रॉनिक सामान और तार जुड़े हुए थे। जिससे ओवरलोडिंग की संभावना जताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने उच्च अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी है। मंडल रेलवे अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दुर्घटना के कारणों की तकनीकी जांच की जाएगी।
अस्पताल में मची अफरा तफरी
अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं जिससे अस्पताल में भर्ती मरीज़ों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग डर के मारे बाहर भाग गए। हालांकि पुलिस और दमकलकर्मियों की तत्परता से स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया गया। फ़िलहाल आग पूरी तरह बुझ चुकी है और स्थिति नियंत्रण में है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



