UP में आज से वोटर लिस्ट सर्वे, घर आएंगे BLO, डॉक्युमेंट तैयार रखें लेकिन ये गलती भूलकर भी न करें
- Shubhangi Pandey
- 04 Nov 2025 07:15:57 PM
उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट अपडेट करने का बड़ा अभियान आज से शुरू हो गया है। इसे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) कहा जा रहा है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी जांचेंगे। अगर आप यूपी के मतदाता हैं, तो तैयार रहें, क्योंकि आपके घर भी BLO दस्तक दे सकते हैं।
क्या करेंगे BLO आपके घर आकर
BLO मतदाताओं को एक फॉर्म देंगे जिसमें आपका नाम, EPIC नंबर, विधानसभा क्षेत्र, भाग संख्या और क्रम संख्या जैसी जानकारी पहले से छपी होगी। आपसे इस फॉर्म में कुछ जरूरी डिटेल्स मांगी जाएंगी, जैसे जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, माता-पिता का नाम या फोटो अपडेट करना। इस प्रक्रिया का मकसद है कि मतदाता सूची को पूरी तरह सही और पारदर्शी बनाया जा सके।
फर्जी BLO से रहें सावधान
लेकिन इस प्रक्रिया के दौरान ठगी की आशंका भी बढ़ सकती है। इसलिए सतर्क रहना बहुत जरूरी है। अगर कोई व्यक्ति खुद को BLO बताकर ओटीपी, पासवर्ड या बैंक डिटेल मांगता है, तो समझ लीजिए वो असली नहीं है। वोटर लिस्ट अपडेट करने के लिए इन चीजों की कोई जरूरत नहीं होती। ऐसा होने पर तुरंत पुलिस या चुनाव कार्यालय को सूचना दें।
कितने दिन चलेगा अभियान
यह अभियान करीब एक महीने तक चलेगा और 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस दौरान BLO हर घर तीन बार जाकर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी मतदाता छूट न जाए। यूपी में लगभग 15 करोड़ मतदाता इस प्रक्रिया में शामिल होंगे। 2003 के बाद यह राज्य का सबसे बड़ा वोटर लिस्ट पुनरीक्षण अभियान है।
कब करें आपत्ति या दावा
अगर किसी के नाम में गलती निकलती है या कोई नया व्यक्ति वोटर बनना चाहता है, तो उसके लिए 9 दिसंबर से 8 जनवरी 2026 तक का समय रहेगा। इस दौरान आप ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों तरीके से आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद सभी दावों और आपत्तियों की जांच कर फाइनल लिस्ट तैयार की जाएगी।
क्या कहा मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक गणना फॉर्म की प्रिंटिंग और तैयारी का काम पूरा किया गया था। उन्होंने कहा कि आयोग ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और जन-केंद्रित बनाने के निर्देश दिए हैं ताकि लोकतंत्र की नींव और मजबूत हो सके। बता दें कि BLO के आने पर अपने आधार कार्ड, पहचान पत्र या पुराने वोटर कार्ड तैयार रखें। लेकिन याद रखिए वो आपसे कभी भी OTP या बैंक डिटेल नहीं मांगेंगे। सावधान रहकर आप अपने वोट का अधिकार सुरक्षित रख सकते हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



