UP में पुलिस का 'ऑपरेशन लंगड़ा'! Rampur से Azamgarh तक चली गोलियों की गूंज, इनामी बदमाश समेत कई बदमाश ढेर
- Ankit Rawat
- 27 Sep 2025 06:07:27 PM
उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ यूपी पुलिस का 'ऑपरेशन लंगड़ा' और 'मिशन शक्ति' जोरों पर है। 26 सितंबर 2025 को रामपुर, बागपत, उन्नाव, ललितपुर, सीतापुर, बुलंदशहर, बाराबंकी, आजमगढ़ और फर्रुखाबाद में पुलिस ने कई मुठभेड़ों में शातिर बदमाशों को धर दबोचा। कई इनामी अपराधी या तो गोली लगने से घायल हुए या गिरफ्तार किए गए। कुछ मुठभेड़ों में महिला पुलिस ने भी अहम भूमिका निभाई।
रामपुर में 1 लाख का इनामी ढेर
रामपुर में चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार संदिग्ध जुबैर उर्फ कालिया को रोका। उसने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने फायरिंग की। जुबैर को गोली लगी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वो 1 लाख का इनामी था और गोरखपुर सहित कई जिलों में वांछित था। उसका साथी मौके से भाग निकला। पुलिस ने तमंचा और बाइक बरामद की।
उन्नाव में चोरों पर नकेल
उन्नाव के गंगाघाट में चोरी के दो आरोपियों सूरज और सुरेंद्र से पुलिस की मुठभेड़ हुई। सूरज के पैर में गोली लगी, जबकि सुरेंद्र को पकड़ लिया गया। दोनों के पास से सोने-चांदी के गहने, नकदी और तमंचा मिला। सूरज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि ये दोनों कई चोरियों में शामिल थे।
ललितपुर में मिशन शक्ति का कमाल
ललितपुर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला पुलिस ने पहली बार मुठभेड़ में अपहरण के दो आरोपियों धर्मेंद्र और शिवा को दबोचा। दोनों पर 25-25 हजार का इनाम था। एक आरोपी गोली लगने से घायल हुआ। पुलिस ने तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की। ये कार्रवाई महिला पुलिस की बहादुरी का सबूत है।
बागपत में गौकश पकड़ा गया
बागपत के दोघट थाना क्षेत्र में पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने 25 हजार के इनामी गौकश औरंगजेब को मुठभेड़ में घायल कर पकड़ा। उसके पास से तमंचा और बाइक मिली। वो गौकशी के कई मामलों में वांछित था।
सीतापुर और बुलंदशहर में भी एक्शन
सीतापुर में मिशन शक्ति की महिला सिपाहियों ने 25 हजार के इनामी शमशेर को मुठभेड़ में घायल कर पकड़ा। वो चेन स्नैचिंग का शातिर अपराधी था। बुलंदशहर में गैंगस्टर एक्ट के तहत 15 हजार के इनामी उमर को स्वाट और महिला पुलिस ने घायल कर दबोचा।
बाराबंकी और आजमगढ़ में दुष्कर्म के आरोपी धरे गए
बाराबंकी के देवा थाने के पास दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी शमशाद ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वो पैर में गोली लगने से घायल हुआ। आजमगढ़ में 13 साल की बच्ची से छेड़खानी के आरोपी छोटू को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ा।
फर्रुखाबाद में डकैत गिरफ्तार
फर्रुखाबाद में डकैत अमजद खान पुलिस की गोली से घायल होकर पकड़ा गया। उस पर दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे थे। पुलिस ने तमंचा और बाइक बरामद की।
यूपी में अपराध पर जीरो टॉलरेंस
यूपी पुलिस की इन मुठभेड़ों ने अपराधियों में खौफ पैदा कर दिया है। सीएम योगी की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस का ये एक्शन बदमाशों को सबक सिखा रहा है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



