UP के बाहुबलियों का मिटा नामो-निशान, लेकिन पत्नियां फरारी काटने को मजबूर, कब पुलिस के हत्थे चढेंगी ये इनामी विधवाएं?
- Ankit Rawat
- 30 Sep 2025 11:46:40 PM
एक दौर था जब उत्तर प्रदेश के बाहुबली अतीक अहमद, अशरफ और मुख्तार अंसारी का सिक्का चलता था। सरकार कोई भी हो, इनके हुक्म के आगे अफसर भी झुकते थे। करोड़ों-अरबों की दौलत और राजनीति में गहरी पकड़ ने इनकी फैमिली को रौबदार बना दिया था। लेकिन वक्त ने करवट ली और 2017 में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद इन बाहुबलियों की सल्तनत धराशायी होने लगी। अतीक और अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई और मुख्तार की मौत जेल में हो गई। माना गया था कि इनके बाद उनकी बीवियां सब संभाल लेंगी लेकिन हकीकत बिल्कुल उलट निकली। आज हालात ऐसे हैं कि इन तीनों विधवाओं को पति की कब्र की मिट्टी तक नसीब नहीं हुई और ये खुद फरार हैं।
जैनब: पुलिस पर भारी पड़ी थी अशरफ की बीवी
अशरफ की बीवी जैनब भी अब फरार है। शुरू में वो मीडिया के सामने आई थी और दावा किया था कि सरकार ने उन्हें साजिश के तहत फंसाया है। लेकिन उमेश पाल हत्याकांड की जांच में उसका नाम भी सामने आया। इसके बाद वो भी गायब हो गई। जैनब पर चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें अवैध हथियार, सबूत मिटाने और वक्फ की 50 करोड़ की संपत्ति हड़पने का केस शामिल है। उस पर 25 हजार का इनाम है। पुलिस ने एक बार उसे मायके हटवा से पकड़ने की कोशिश भी की थी लेकिन गांव की 200 से ज्यादा महिलाओं ने पुलिस पार्टी को घेर लिया और वो खाली हाथ लौट गई। तब से जैनब का कोई पता नहीं है। उसकी ननद आयशा नूरी भी फरार है और उस पर भी 25 हजार का इनाम है।
शाइस्ता परवीन: 50 हजार की इनामी और फरार
अतीक अहमद की बीवी शाइस्ता परवीन कभी प्रयागराज की राजनीति में सक्रिय दिखती थी। लेकिन उमेश पाल हत्याकांड में नाम आने के बाद उसकी दुनिया बदल गई। शाइस्ता पर सात मुकदमे दर्ज हैं जिनमें अवैध हथियार रखने और करोड़ों की संपत्ति बनाने के मामले शामिल हैं। उस पर 50 हजार का इनाम घोषित है। पुलिस की मानें तो वो कुख्यात बमबाज गुड्डू के साथ फरारी काट रही है। यहां तक कि अतीक के जेल जाने के बाद शाइस्ता और गुड्डू के नजदीकी रिश्तों की चर्चा भी होने लगी थी। दोनों की लोकेशन नोएडा, मेरठ, ओडिशा और बंगाल तक ट्रैस की गई लेकिन अब तक वो पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
अफसां अंसारी: मुख्तार का गैंग संभाल रही थी
मऊ-गाजीपुर के बाहुबली मुख्तार अंसारी की बीवी अफसां अंसारी पर आरोप है कि मुख्तार के जेल में रहते उसी ने गैंग को ऑपरेट किया। दक्षिण टोला थाने में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज है। कोर्ट ने उसकी संपत्तियों को कुर्क करने और गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है। पुलिस ने उसके बैंक अकाउंट तक सीज कर दिए हैं जिसमें करीब 25 लाख रुपये जमा थे। अफसां पर 75 हजार का इनाम घोषित है। गाजीपुर के कई थानों में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं।
कब्र की मिट्टी तक नसीब नहीं
तीनों बाहुबली विधवाओं की कहानी इस बात का सबूत है कि अपराध और सत्ता का गठजोड़ कितना भी मजबूत क्यों न हो, वक्त के साथ सब मिट्टी हो जाता है। कभी जिनके इशारे पर सरकारें हिल जाती थीं, उनकी पत्नियां आज खुद फरारी काट रही हैं। हालात ये हैं कि पति की मौत के बाद वो उनके कब्र तक नहीं पहुंच पाईं। इन तीनों बाहुबलियों की विधवाओं की तलाश पुलिस अलग-अलग राज्यों में कर रही है लेकिन अब तक किसी का सुराग नहीं मिला है। यूपी की कानून-व्यवस्था पर ये सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर कब इन फरार बाहुबली बीवियों को पकड़कर सलाखों के पीछे डाला जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



