Nathuram Godse की भक्त अब कातिल! Aligarh व्यापारी मर्डर केस में Pooja Shakun Pandey की गिरफ्तारी से हड़कंप
- Ankit Rawat
- 11 Oct 2025 06:04:32 PM
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 26 सितंबर की रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब 25 साल के एक व्यापारी अभिषेक गुप्ता की दो बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अभिषेक का दोपहिया वाहन का शोरूम था और वो अपने पिता के साथ हाथरस जाने वाली बस में बैठने जा रहे थे। इसी दौरान रोरावर इलाके में हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और गोली चला दी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन बचाया नहीं जा सका।
हत्या के पीछे निकला चौंकाने वाला कनेक्शन
पुलिस जांच में जो सामने आया उसने सबको चौंका दिया। इस हत्या के पीछे किसी और का नहीं बल्कि अखिल भारत हिंदू महासभा की नेता पूजा शकुन पांडे और उनके पति अशोक पांडे का नाम आया। आरोप है कि दोनों ने हत्या की साजिश रचकर दो शूटरों को सुपारी दी थी। पुलिस ने बताया कि दोनों शूटरों मोहम्मद फजल और आसिफ को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों पिछले कई सालों से पूजा और अशोक के संपर्क में थे और कुछ वक्त पहले ही उनके घर पर वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान हत्या की साजिश रची गई।
₹3 लाख में की सुपारी, तस्वीर भी दी गई
पुलिस के मुताबिक फजल और आसिफ ने पहले ₹5 लाख की मांग की थी लेकिन बात ₹3 लाख में तय हो गई। पूजा और अशोक पांडे ने हत्या से पहले अभिषेक की तस्वीर भी दोनों शूटरों को दी थी ताकि पहचान में कोई दिक्कत न हो। कॉल रिकॉर्ड से पता चला है कि अशोक पांडे ने अगस्त और सितंबर के बीच फजल से 27 बार और अपनी फरार पत्नी पूजा से 11 बार बातचीत की थी। इससे पहले अभिषेक गुप्ता के पिता ने भी अपनी शिकायत में पूजा और अशोक का नाम लेते हुए कहा था कि उनके और बेटे के बीच पहले से तनाव चल रहा था।
हत्या के बाद से फरार थी पूजा
हत्या के बाद से पूजा शकुन पांडे फरार थी। पुलिस ने उस पर ₹50,000 का इनाम घोषित किया था। शनिवार को आखिरकार उसे राजस्थान के भरतपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। अब उसे अलीगढ़ लाया गया है और पूछताछ जारी है। अशोक पांडे और दोनों शूटर पहले से जेल में हैं।
कौन हैं पूजा शकुन पांडे?
पूजा शकुन पांडे कोई नई नाम नहीं है। वो पहले भी विवादों में रह चुकी हैं। सबसे ज्यादा चर्चा तब हुई थी जब उन्होंने खुलेआम महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की तारीफ की थी। वो खुद को "महामंडलेश्वर" कहती हैं और कई कट्टरपंथी कार्यक्रमों में शामिल रह चुकी हैं।
अब क्या होगा?
अलीगढ़ व्यापारी हत्याकांड ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि किस तरह धार्मिक संगठनों की आड़ में अपराध को अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस की जांच अब इस बात पर फोकस कर रही है कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था और हत्या की असल वजह क्या थी।अभिषेक गुप्ता की मौत से उनके परिवार में मातम पसरा है और इलाके में भी गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोग पूजा और अशोक को कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



