आगरा में इंसाफ दिलाने वाला ही बना दरिंदा, गैंगरेप पीड़िता से वकील ने किया रेप
- Shubhangi Pandey
- 09 Nov 2025 02:50:14 PM
उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने भरोसे और इंसाफ दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक गैंगरेप पीड़िता जो पहले से ही अपने न्याय के लिए दर-दर भटक रही थी उसके साथ उसके ही वकील ने दरिंदगी कर दी। ये मामला नवनिर्मित थाना एकता क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी अधिवक्ता जितेंद्र धाकरे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
होटल में बुलाकर की शर्मनाक हरकत
मामले में आरोप है कि वकील जितेंद्र धाकरे ने पीड़िता को केस के सिलसिले में बात करने के बहाने ताज रॉयल होटल बुलाया था। उसने कहा कि समझौते को लेकर एक जरूरी बातचीत करनी है। भरोसा करने वाली पीड़िता होटल पहुंची लेकिन वहां जो हुआ उसने उसे तोड़कर रख दिया। जैसे ही वो कमरे में दाखिल हुई आरोपी वकील ने मौका पाकर उसके साथ जबरदस्ती की।
पीड़िता ने दर्ज कराई शिकायत
रेप के बाद डरी सहमी पीड़िता ने खुद को संभाला और पुलिस के पास जाकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता औरैया की रहने वाली है। उसने बताया कि वकील जितेंद्र धाकरे उर्फ संतोष सिंह 2022 में एत्मादपुर क्षेत्र में हुए गैंगरेप केस की पैरवी कर रहा था। गुरुवार को वो कोर्ट गई थी जहां वकील ने उसे कहा कि अब केस समझौते के जरिए खत्म कराया जा सकता है।
होटल ताज रॉयल में बनाया शिकार
आरोपी वकील ने पीड़िता को ताजगंज के होटल ताज रॉयल में कमरा नंबर 106 में रुकने के लिए कहा। उसने ये भी कहा कि वो बाद में केस से जुड़ी फाइल लेकर आएगा। पहले तो आरोपी घर चला गया लेकिन थोड़ी देर बाद होटल वापस आ गया। उसने कहा कि केस के कुछ जरूरी कागजों पर चर्चा करनी है। पीड़िता ने भरोसे में आकर दरवाजा खोला और तभी वकील ने उस पर हमला कर दिया।
भागने के चक्कर में टूटी दोनों टांगे
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। एसीपी पीयूष कांत राय ने बताया कि शुक्रवार शाम जब पुलिस आरोपी को पकड़ने उसके घर पहुंची तो वो छत से छलांग लगाकर भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान उसके दोनों पैर टूट गए। पुलिस ने घायल हालत में उसे एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया और बाद में रिमांड पर लिया।
लोग बोले- इंसाफ का चोला पहनकर शर्म बेची
इस घटना के सामने आने के बाद आगरा में आक्रोश फैल गया है। लोगों का कहना है कि जो व्यक्ति अदालत में न्याय का प्रहरी बनकर खड़ा रहता है, वही अगर अपराधी बन जाए तो इंसाफ का भरोसा कैसे जिंदा रहेगा। सोशल मीडिया पर लोग आरोपी वकील के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



