13 साल बाद पकड़ी गई ‘ठग लेडी’! करोड़ों लूटने वाली Priyanka Singh गिरफ्तार, 50 हजार की इनामी ने हिलाया UP
- Ankit Rawat
- 12 Nov 2025 07:32:06 PM
उत्तर प्रदेश की एसटीएफ टीम ने करोड़ों की ठगी करने वाली 50 हजार की इनामी आरोपी प्रियंका सिंह को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। प्रियंका पर निवेश के नाम पर लोगों को झांसा देकर पैसे हड़पने के आरोप हैं। उसके खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के कुल 19 केस दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक प्रियंका ने साल 2011 में “जेकेवी लैंड एंड डेवलपर्स इंफ्रास्ट्रक्चर” नाम की कंपनी शुरू की थी। इस कंपनी के जरिए वो लोगों को नौकरी और एजेंट बनने का लालच देकर ठगी करती थी। नौकरी के नाम पर पैसे जमा करवाए गए, लेकिन जब लोग काम या पैसा वापस मांगने पहुंचे तो कंपनी दफ्तर ही गायब मिला।
कई जिलों में फैला ठगी का जाल
प्रियंका और उसके साथियों के खिलाफ यूपी के कई जिलों में केस दर्ज हैं। इनमें आजमगढ़, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, फतेहपुर, मऊ, महोबा, ललितपुर और लखनऊ जैसे जिले शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसने सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपए वसूले और फिर फरार हो गई। झांसी रेंज के आईजी ने आरोपी प्रियंका पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। कई सालों से पुलिस उसकी तलाश में थी। आखिरकार एसटीएफ टीम ने लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज
पुलिस अब प्रियंका से लगातार पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि प्रियंका से ठगी के नेटवर्क से जुड़े और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। पुलिस ये भी जानने की कोशिश कर रही है कि ठगे गए करोड़ों रुपए आखिर कहां निवेश किए गए और इतने सालों तक फरार रहने में उसकी मदद किसने की। अधिकारियों का कहना है कि अगर नेटवर्क में और लोगों की संलिप्तता मिली तो जल्द ही नई गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
लोगों को पुलिस की चेतावनी
एसटीएफ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत मिल चुके हैं। उसे कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों को चेतावनी दी है कि वो निवेश या नौकरी के नाम पर किसी अज्ञात व्यक्ति या कंपनी पर भरोसा न करें। पुलिस ने ये भी कहा कि किसी भी संदिग्ध स्कीम या ठगी जैसी गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय थाने या साइबर सेल को दें ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
लंबे वक्त से फरार थी अब सलाखों के पीछे
करीब 13 सालों से फरार चल रही प्रियंका सिंह अब पुलिस की गिरफ्त में है। जिस चतुराई से उसने लोगों को झांसा दिया था, अब उसी चालबाजी ने उसे पकड़वा दिया। एसटीएफ का कहना है कि ऐसे मामलों में आम लोगों को जागरूक रहना बेहद जरूरी है क्योंकि ठगी करने वाले लोग अब बहुत नए-नए तरीके अपनाने लगे हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



