बाढ़ में डूबा Punjab, लेकिन उम्मीद नहीं! Shahrukh-Sanjay-Sonu Sood बने संकट के ‘सुपरस्टार’
- Ankit Rawat
- 03 Sep 2025 07:59:36 PM
पंजाब इन दिनों भयानक बाढ़ की मार झेल रहा है। खेत, घर और सड़कें सब पानी में डूबे हुए हैं। हालात इतने खराब हैं कि लोगों की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो गई है। इस मुश्किल घड़ी में सिर्फ प्रशासन ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड के सितारे भी पंजाब के लोगों के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं। एक-एक करके बड़े-बड़े स्टार सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर लोगों का हौसला बढ़ा रहे हैं और मदद का आश्वासन दे रहे हैं।
शाहरुख खान ने भेजी दुआएं और हिम्मत
बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान भी पंजाब के लोगों का दर्द देखकर भावुक हो गए। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "पंजाब में इस विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों के बारे में सुनकर मेरा दिल पसीज गया है। मैं उन्हें दुआएं और हिम्मत भेज रहा हूं। पंजाब की हिम्मत कभी न टूटे। भगवान उन सभी पर कृपा बनाए रखे।" शाहरुख खान का यह संदेश पंजाब के लोगों के लिए हौसले का काम कर रहा है।
संजय दत्त ने बढ़ाया मदद का हाथ
शाहरुख से पहले संजय दत्त ने भी बाढ़ पीड़ितों के लिए पोस्ट किया था। उन्होंने X (पहले ट्विटर) पर लिखा, "पंजाब में बाढ़ से हुई तबाही वाकई दिल दहला देने वाली है। मैं प्रभावित लोगों के लिए दुआएं और शक्ति भेज रहा हूं। मैं हर संभव मदद करूंगा। बाबाजी पंजाब में सभी का भला करें और उनकी हिफाजत करें।" संजय दत्त ने साफ कहा कि वो सिर्फ शब्दों से नहीं बल्कि मदद के लिए भी हमेशा तैयार रहेंगे।
सोनू सूद फिर बने मसीहा
जब भी किसी पर मुसीबत आती है लोग सोनू सूद का नाम याद करते हैं। कोरोना महामारी के समय उन्होंने लोगों की जो मदद की थी, उसे देश कभी नहीं भूल सकता। इस बार भी वे पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए सामने आए हैं। उन्होंने X पर लिखा "आप सभी के साथ मिलकर, हम सबको फिर से खड़ा करेंगे। अगर आपको किसी भी मदद की जरूरत है तो हमें मैसेज करें। पंजाब मेरी आत्मा है। चाहे इसके लिए मुझे सबकुछ गंवाना पड़े, मैं पीछे नहीं हटूंगा। हम पंजाबी हैं और कभी हार नहीं मानते।" उनका यह मैसेज पढ़कर लोगों को एक बार फिर उम्मीद जगी है।
अन्य सितारे भी आए आगे
सिर्फ शाहरुख, संजय दत्त और सोनू सूद ही नहीं, बल्कि आलिया भट्ट, रणवीर सिंह, मीका सिंह और शहनाज गिल जैसे कई स्टार्स ने भी बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए दुख जताया है। सभी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा है कि वो इस मुश्किल घड़ी में पंजाब के साथ खड़े हैं। इन सितारों के संदेश और मदद का वादा बाढ़ से जूझ रहे लोगों के लिए किसी हिम्मत से कम नहीं है। सोशल मीडिया पर लोग लगातार इन स्टार्स का शुक्रिया अदा कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उनके शब्द और मदद दोनों ही उम्मीद जगाते हैं। पंजाब इस वक्त भले ही बाढ़ की बड़ी त्रासदी झेल रहा है, लेकिन बॉलीवुड सितारों की दुआएं और मदद लोगों के लिए नई रोशनी लेकर आई हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



