TV Actor Ashish Kapoor की Pune से गिरफ्तारी, House Party में क्या हुआ उस रात? जिसने पहुंचाया जेल...
- Ankit Rawat
- 03 Sep 2025 10:36:09 PM
'सात फेरे' और 'सरस्वतीचंद्र' जैसे टीवी सीरियल्स से मशहूर हुए एक्टर आशीष कपूर को दिल्ली पुलिस ने पुणे से गिरफ्तार किया है। उन पर एक महिला ने रेप का गंभीर आरोप लगाया है। ये घटना अगस्त 2025 के दूसरे हफ्ते में दिल्ली की एक हाउस पार्टी में हुई। पीड़िता का दावा है कि आशीष ने पार्टी के दौरान उसके साथ जबरदस्ती की। इस खबर ने टीवी इंडस्ट्री में तहलका मचा दिया है। सोशल मीडिया पर लोग हैरानी और गुस्से के साथ अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। आइए जानते हैं इस मामले की पूरी कहानी।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती, पार्टी में मुलाकात
पुलिस के मुताबिक, आशीष कपूर और पीड़िता की जान-पहचान इंस्टाग्राम पर हुई थी। दोनों के बीच चैट शुरू हुई और धीरे-धीरे दोस्ती गहरी हो गई। बातचीत मुलाकात में बदली और 11 अगस्त 2025 को दिल्ली में आशीष के दोस्त के घर एक हाउस पार्टी हुई। इस पार्टी में आशीष अपने कुछ दोस्तों के साथ मौजूद थे। पीड़िता को भी इस पार्टी में बुलाया गया था, जो एक इवेंट मैनेजर है। यहीं से मामला गंभीर मोड़ लेता है।
वॉशरूम में हुई घटना, पीड़िता का सनसनीखेज आरोप
पीड़िता ने अपनी FIR में बताया कि पार्टी के दौरान वो वॉशरूम गई, जहां आशीष कपूर पहले से मौजूद थे। उसका आरोप है कि आशीष ने वहां उसके साथ रेप किया। पीड़िता ने दावा किया कि इस दौरान वीडियोग्राफी भी हुई, लेकिन पुलिस को अब तक कोई वीडियो सबूत नहीं मिला। उसने ये भी कहा कि आशीष के दोस्त और उनकी पत्नी ने उसके साथ बदतमीजी की। हालांकि, बाद में पीड़िता ने बयान बदला और कहा कि सिर्फ आशीष ने ही उसके साथ जबरदस्ती की।
पुलिस ने किया गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई की। 11 अगस्त को पीड़िता की शिकायत पर FIR दर्ज हुई। शुरुआत में आशीष, उनके दोस्त, उनकी पत्नी और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ गैंगरेप का केस दर्ज किया गया। लेकिन पीड़िता के नए बयान के बाद अब सिर्फ आशीष पर रेप का आरोप है। पुलिस ने आशीष के मूवमेंट्स ट्रैक किए और पाया कि वो दिल्ली से गोवा और फिर पुणे गए। आखिरकार 3 सितंबर 2025 को पुणे से उनकी गिरफ्तारी हुई। DCP (नॉर्थ) राजा बंठिया ने इसकी पुष्टि की।
सीसीटीवी और गवाहों का बयान के आधार पर कार्यवाही
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान से पता चला कि पीड़िता और आशीष पार्टी के दौरान वॉशरूम में एक साथ गए थे। जब वो ज्यादा देर तक बाहर नहीं आए, तो आशीष के दोस्त और अन्य लोगों ने दरवाजा खटखटाया। आशीष के दोस्त और उनकी पत्नी को 21 अगस्त को अग्रिम जमानत मिल चुकी है। पुलिस अब इस मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ रही है और रेप के आरोपों की गहराई से जांच कर रही है।
टीवी इंडस्ट्री में सनसनी
आशीष कपूर 'देखा एक ख्वाब' और 'मोल्की रिश्तों की अग्निपरीक्षा' जैसे सीरियल्स में भी नजर आ चुके हैं। उनकी गिरफ्तारी ने फैंस और इंडस्ट्री को सकते में डाल दिया है। लोग सोशल मीडिया पर इस घटना पर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



