Ayodhya Ramleela 2025: Bollywood सितारों का धमाल, Manika Vishwakarma बनेंगी सीता, Manoj Tiwari निभाएंगे बाली की भूमिका
- Ankit Rawat
- 20 Sep 2025 08:24:53 PM
अयोध्या में शारदीय नवरात्रि की धूम शुरू होने वाली है। इस बार 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक राम कथा पार्क में रात 7 बजे से 10 बजे तक भव्य रामलीला का आयोजन होगा। अयोध्या की ये रामलीला सातवें साल में और भी खास होने जा रही है। इसमें बॉलीवुड और टीवी के बड़े सितारे रामायण के किरदारों में नजर आएंगे। पिछले साल 45 करोड़ से ज्यादा लोगों ने इस रामलीला को देखा था और इस बार आयोजक इसे और बड़े स्तर पर ले जाने की तैयारी में हैं।
बॉलीवुड सितारों से सजेगी रामलीला
इस बार की रामलीला में मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मणिका विश्वकर्मा माता सीता का किरदार निभाएंगी। ‘महाभारत’ में दुर्योधन की भूमिका निभाने वाले पुनीत इस्सर परशुराम बनकर धमाल मचाएंगे। भोजपुरी सुपरस्टार और दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी बाली की भूमिका में दिखेंगे। गोरखपुर सांसद और अभिनेता रवि किशन केवट के किरदार में जान डालेंगे। राजेश पुरी हनुमान जी बनकर भक्तों का दिल जीतेंगे। मनीष शर्मा रावण की भूमिका में होंगे। राहुल प्रभु श्रीराम और राजन मोदी लक्ष्मण बनकर मंच पर छाएंगे। अवतार गिल राजा जनक और रजा मुराद मेघनाथ के किरदार में नजर आएंगे।
90 फीट का रावण दहन होगा आकर्षण
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि इस बार का आयोजन पहले से कहीं ज्यादा भव्य होगा। 90 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन दशहरे पर मुख्य आकर्षण होगा। रामलीला का सीधा प्रसारण सोशल मीडिया पर होगा ताकि दुनिया भर के भक्त इसे देख सकें। मलिक ने कहा कि सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और 22 सितंबर से गणेश पूजन के साथ रामलीला शुरू होगी। भक्त भी इस आयोजन में शामिल होकर प्रभु राम की लीलाओं का आनंद ले सकेंगे।
अयोध्या में क्यों खास है रामलीला?
अयोध्या में रामलीला का मंचन हमेशा से खास रहा है। राम जन्मभूमि होने की वजह से यहां की रामलीला में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंग गहरा होता है। बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी इसे और आकर्षक बनाती है। इस बार सितारों की चमक और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। फैंस और भक्त बेसब्री से इस रामलीला का इंतजार कर रहे हैं जो नवरात्रि को और खास बना देगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



