विवादों में घिरी लोक गायिका Neha Singh Rathore, HC को दिया झटका, पुलिस के सामने नहीं हुई पेश
- Ankit Rawat
- 26 Sep 2025 01:59:46 PM
उत्तर प्रदेश की मशहूर लोक गायिका नेहा सिंह राठौर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। शुक्रवार को उन्हें लखनऊ के हजरतगंज थाने में पहलगाम आतंकी हमले पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में बयान दर्ज कराना था। हाईकोर्ट ने साफ आदेश दिया था कि 26 सितंबर को सुबह 11 बजे वो पुलिस के सामने पेश हों। लेकिन नेहा ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर हाजिरी माफ करने की अर्जी दाखिल की। अब वो 15 दिन बाद बयान देने की बात कह रही हैं। ये मामला सोशल मीडिया पर भी तूल पकड़ रहा है। आइए जानते हैं पूरा माजरा।
हाईकोर्ट का आदेश, नेहा ने बनाया बहाना
नेहा सिंह राठौर के खिलाफ हजरतगंज थाने में पहलगाम आतंकी हमले पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर एफआईआर दर्ज हुई थी। उनकी टिप्पणी को कुछ लोगों ने आपत्तिजनक माना। इसके बाद नेहा ने लखनऊ हाईकोर्ट में याचिका दायर कर गिरफ्तारी पर रोक और एफआईआर रद्द करने की मांग की थी। लेकिन कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी और 26 सितंबर को पुलिस के सामने बयान दर्ज कराने का आदेश दिया। शुक्रवार को नेहा थाने नहीं पहुंचीं। उन्होंने अर्जी देकर कहा कि हाल ही में उनके कान का ऑपरेशन हुआ है, जिसके चलते दर्द और स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से वो पेश नहीं हो सकतीं।
15 दिन बाद होंगे दर्ज बयान
नेहा ने अपनी अर्जी में 15 दिन बाद बयान दर्ज कराने की बात कही है। साथ ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) का हवाला दिया, जिसमें वो इस मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही हैं। नेहा के वकील का कहना है कि उनकी मुवक्किल जांच में पूरा सहयोग करेगी, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से आज थाने आना मुमकिन नहीं हुआ। हजरतगंज थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नेहा की अर्जी पर विचार हो रहा है। जल्द ही विवेचक नई तारीख तय करेगा। मामला संवेदनशील होने की वजह से पुलिस हर कदम सावधानी से उठा रही है।
सोशल मीडिया पर हंगामा
नेहा सिंह राठौर अपनी बेबाक टिप्पणियों और लोक गीतों के लिए मशहूर हैं। उनके गाने अक्सर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर तंज कसते हैं, जिसके चलते वो कई बार विवादों में घिर चुकी हैं। इस बार पहलगाम आतंकी हमले पर उनकी टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर तीखी बहस छेड़ दी है। कुछ लोग उनके समर्थन में हैं तो कुछ उनकी टिप्पणी को गलत बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर ये मामला ट्रेंड कर रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और शांति बनाए रखें।
नेहा का विवादों से पुराना नाता
नेहा सिंह राठौर इससे पहले भी अपने गानों और टिप्पणियों को लेकर चर्चा में रह चुकी हैं। उनके गीत ‘यूपी में का बा’ ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। लेकिन उनकी बेबाकी कई बार कानूनी पचड़े में डाल देती है। इस बार पहलगाम मामले में पुलिस और कोर्ट की सख्ती के बाद नेहा दबाव में नजर आ रही हैं। अब देखना है कि 15 दिन बाद वो थाने पहुंचती हैं या मामला और नया मोड़ लेता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



