‘साईं बाबा’ एक्टर Sudhir Dalvi की तबीयत नाज़ुक, Riddhima Kapoor बनीं फ़रिश्ता
- Ankit Rawat
- 30 Oct 2025 05:15:29 PM
फिल्म शिरडी के साईं बाबा में मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता सुधीर दलवी की हालत गंभीर बनी हुई है। वो कई हफ्तों से अस्पताल में भर्ती हैं। उनके इलाज पर अब तक ₹10 लाख खर्च हो चुके हैं, लेकिन अब परिवार के लिए उनके इलाज का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में उन्होंने आर्थिक मदद की अपील की थी। अब, रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी ने अभिनेता सुधीर दलवी के इलाज के लिए आर्थिक मदद की है, लेकिन इस खबर के सामने आने के बाद से ही उन्हें काफी ट्रोल किया जा रहा है। अब रिद्धिमा ने एक पोस्ट के ज़रिए ट्रोल्स को फटकार लगाई है।
फिल्म में निभाई थी साईं बाबा की भूमिका
अभिनेता सुधीर दलवी ने मनोज कुमार अभिनीत फिल्म शिरडी के साईं बाबा (1977) में साईं बाबा की भूमिका निभाई थी। एक रिपोर्ट के मुताबिक अभिनेता को 8 अक्टूबर को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 86 साल के अभिनेता जानलेवा सेप्सिस संक्रमण से जूझ रहे हैं जिसका इलाज काफी महंगा है। परिवार अब तक उनके इलाज पर ₹10 लाख खर्च कर चुका है। हालांकि उनके पूरे इलाज के लिए अभी भी ₹15 लाख की राशि की आवश्यकता है।
परिवार को आर्थिक मदद की जरूरत
ऐसे में परिवार ने लोगों से आर्थिक मदद मांगी थी। पपराज़ो विरल भयानी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ये खबर पोस्ट की थी। इस पोस्ट पर अभिनेता रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी ने कमेंट कर जानकारी दी कि उन्होंने सुधीर दलवी के परिवार को आर्थिक मदद दी है। उन्होंने लिखा था, "बस हो गया, मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।"
रिद्धिमा ने ट्रोलर्स का दिया जवाब
रिद्धिमा का ये कमेंट सामने आने के बाद कई लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने ट्रोल्स को जवाब देते हुए लिखा, "ज़िंदगी में हर चीज़ दिखावे के लिए नहीं होती। किसी ज़रूरतमंद की मदद करना, चाहे वो किसी भी क्षमता से हो, सबसे बड़ा आशीर्वाद है।"
सुधीर कई फिल्मों में कर चुके हैं काम
सुधीर दलवी ने कई फिल्मों और टीवी शोज में काम किया है। वो रामानंद सागर के शो रामायण में गुरु वशिष्ठ और श्याम बेनेगल के शो भारत एक खोज में शाहजहां के किरदार में नजर आ चुके हैं. इसके अलावा सुधीर दलवी आशा, कर्मयोगी, क्रांति, अर्पण, पुकार, काले धनदे, हुकूमत, दादागिरी, अग्नि, तूफान, तिरंगा, खलनायक जैसी फिल्मों में भी अहम किरदार में नजर आ चुके हैं। उन्हें आखिरी बार 2003 की फिल्म एक्सक्यूज़ मी में देखा गया था।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



