Menopause का डर भगाएं, महिलाओं के लिए है चुनौतीपूर्ण दौर, शुरुआती संकेत, प्राकृतिक उपाय और HRT की सच्चाई!
- Shubhangi Pandey
- 04 Sep 2025 05:11:00 PM
मेनोपॉज हर महिला के जीवन का वो दौर है जब मासिक धर्म बंद हो जाता है। ये 45 से 55 साल की उम्र में आमतौर पर होता है लेकिन अब 40 की उम्र में भी कई महिलाएं इसे अनुभव कर रही हैं। इस दौरान हार्मोनल बदलावों की वजह से हॉट फ्लैश, मूड स्विंग्स, थकान और जोड़ों में दर्द जैसी परेशानियां हो सकती हैं। लेकिन सही जानकारी और उपायों से इस दौर को आसान बनाया जा सकता है। होमियोपैथी एक्सपर्ट डॉ. तेजल अजमेरा पटेल के मुताबिक ये नाजुक समय है और महिलाओं को अपनी सेहत के साथ-साथ पार्टनर का भी सहयोग चाहिए। आइए जानते हैं मेनोपॉज के शुरुआती संकेत और इसे आसान बनाने के उपाय-
मेनोपॉज के शुरुआती संकेत
मेनोपॉज की शुरुआत पेरिमेनोपॉज से होती है। जब हार्मोन धीरे-धीरे कम होने लगते हैं। ये संकेत बताते हैं कि मेनोपॉज नजदीक है। जैसे-
मूड में उतार-चढ़ाव- बार-बार चिड़चिड़ापन, तनाव या डिप्रेशन महसूस होना।
हॉट फ्लैश और पसीना- रात में पसीना आना या अचानक गर्मी लगना।
जोड़ों में दर्द- मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द या अकड़न।
त्वचा और बालों की समस्या- त्वचा का रूखापन और बालों का झड़ना।
थकान- हर समय थकान या कमजोरी महसूस करना।
अगर आपको ये लक्षण दिखें तो तुरंत स्त्री रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें। डॉक्टर ब्लड टेस्ट जैसे थायरॉइड टेस्ट या हार्मोन लेवल चेक कर सकते हैं।
सेहतमंद जीवनशैली अपनाना है उपाय
मेनोपॉज को आसान बनाने के लिए कुछ प्राकृतिक उपाय बहुत कारगर हैं-
संतुलित डाइट- कैल्शियम और विटामिन डी से भरपूर खाना जैसे दूध, दही, पालक और बादाम खाएं। सोया प्रोडक्ट्स जैसे टोफू हॉट फ्लैश कम करने में मदद करते हैं।
व्यायाम- रोज 30 मिनट वॉक, योग या हल्का व्यायाम करें। ये हड्डियों को मजबूत रखता है और मूड बेहतर करता है।
तनाव कम करें- मेडिटेशन और गहरी सांस लेने की प्रैक्टिस तनाव और चिड़चिड़ेपन को कम करती है।
पानी पिएं- दिनभर खूब पानी पिएं और कैफीन, शराब या मसालेदार खाने से बचें।
अच्छी नींद- रात को 7-8 घंटे की नींद लें। सोने से पहले स्क्रीन टाइम कम करें।
HRT के फायदे और जोखिम
हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी (HRT) मेनोपॉज के लक्षण जैसे हॉट फ्लैश, योनि का सूखापन और अनिद्रा को कम करने में मदद करती है। ये एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टिन हार्मोन देती है। लेकिन इसके कुछ जोखिम भी हैं जैसे ब्लड क्लॉटिंग, पेट फूलना या स्तन कैंसर का खतरा। डॉ. तेजल सलाह देती हैं कि HRT लेने से पहले डॉक्टर से पूरी सलाह लें। अगर आपकी उम्र 60 से कम है और मेनोपॉज हाल ही में शुरू हुआ है तो HRT फायदेमंद हो सकती है। लेकिन बिना डॉक्टर की सलाह के इसे न अपनाएं।
डॉक्टर की सलाह क्यों जरूरी?
मेनोपॉज के लक्षण हर महिला में अलग-अलग हो सकते हैं। कुछ को हल्की परेशानी होती है तो कुछ को गंभीर समस्याएं। इसमें नियमित चेकअप से हृदय रोग और ऑस्टियोपोरोसिस जैसे जोखिमों को कम किया जा सकता है।
बता दें कि मेनोपॉज एक प्राकृतिक प्रक्रिया है लेकिन सही उपायों से इसे आसान बनाया जा सकता है। हॉट फ्लैश, मूड स्विंग्स और थकान जैसे संकेतों को पहचानें और प्राकृतिक उपाय जैसे संतुलित डाइट, व्यायाम और मेडिटेशन अपनाएं। HRT जैसे विकल्पों के लिए डॉक्टर से सलाह लें। सही देखभाल और पार्टनर के सहयोग से मेनोपॉज का ये दौर सुखद और स्वस्थ हो सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



