सुबह का नाश्ता आखिर क्यों है जरूरी, क्या हैं क्विक और हेल्दी ऑप्शंस?
- Shubhangi Pandey
- 02 Oct 2025 01:25:51 PM
आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में लोगों के पास टाइम की कमी होती है। ऐसे में वो अक्सर नाश्ते को नज़रअंदाज कर देते हैं, जबकि विशेषज्ञ मानते हैं कि सुबह का नाश्ता पूरे दिन की सेहत और ऊर्जा का आधार होता है। अगर सुबह पेट भरकर पोषण से भरपूर और हेल्दी नाश्ता किया जाए तो न सिर्फ शरीर को ऊर्जा मिलती है बल्कि दिमाग भी तरोताज़ा रहता है। कई रिसर्च में सामने आया है कि जो लोग नाश्ता नहीं करते उन्हें थकान, चिड़चिड़ापन और बीमारियों का खतरा ज़्यादा होता है। लेकिन दिक्कत यह है कि भागदौड़ वाली जिंदगी में लोगों के पास नाश्ता बनाने और खाने के लिए ज्यादा समय नहीं होता है। ऐसे में ज़रूरी हो जाता है कि कुछ ऐसे विकल्प चुने जाएं जो हेल्दी हों और जल्दी भी तैयार हो जाएं।
क्या हैं विकल्प?
सबसे आसान और लोकप्रिय विकल्प है ओट्स। ओट्स फाइबर और प्रोटीन से भरपूर होते हैं और इन्हें पकाने में महज 5 से 7 मिनट का समय लगता है। दूध या पानी में ओट्स को पकाकर उसमें ताज़े फल या ड्राई फ्रूट डाल दिए जाएं तो यह नाश्ता स्वादिष्ट और पौष्टिक दोनों बन जाता है। ओट्स को चाहें तो सब्जियों के साथ भी तैयार किया जा सकता है।
पोहा भी है बेहतरीन ऑप्शन
इसी तरह पोहा भी नाश्ते का बेहतरीन विकल्प है। हल्का-फुल्का होने के साथ-साथ यह आयरन और कार्बोहाइड्रेट से भरपूर होता है। इसमें मूंगफली, हरी मटर और करी पत्ता डालकर स्वाद और पोषण दोनों बढ़ाया जा सकता है। खास बात यह है कि पोहा 10 मिनट में आसानी से बनकर तैयार हो जाता है और इसे बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक हर कोई पसंद करता है।
उपमा है हेल्दी ऑप्शन
उपमा भी एक क्विक और हेल्दी ब्रेकफास्ट डिश है। रवा यानी सूजी से बना उपमा पचने में आसान और पोषक होता है। इसमें गाजर, बीन्स, मटर जैसी सब्जियां डालकर इसे और भी पौष्टिक बनाया जा सकता है। उपमा को दही के साथ खाने पर स्वाद और भी बढ़ जाता है।
ऑफिस जाने वालों के लिए कम के विकल्प
जो लोग ऑफिस या पढ़ाई की जल्दी में रहते हैं उनके लिए फ्रूट सलाद या स्मूदी बहुत अच्छा विकल्प है। केला, सेब, पपीता और मौसमी फल काटकर उसमें दही या दूध डालकर स्मूदी बनाई जा सकती है। यह हेल्दी होने के साथ-साथ बहुत ही एनर्जेटिक भी होती है और इसे 5 मिनट से भी कम समय में तैयार किया जा सकता है।
सैंडविच भी कर सकते हैं ट्राई
सैंडविच भी नाश्ते में क्विक और पसंदीदा विकल्प है। ब्रेड में खीरा, टमाटर, पनीर या उबले अंडे रखकर एक हेल्दी सैंडविच बनाया जा सकता है। इसे ग्रिल करके और भी स्वादिष्ट बनाया जा सकता है। अगर चाहें तो इसमें ग्रीन चटनी या पीनट बटर लगाकर भी खाया जा सकता है।
इंडियन ऑप्शंस भी हैं बेहतर
भारतीय घरों में नाश्ते की बात हो और पराठा का ज़िक्र न हो यह मुश्किल है। हालांकि ऑयली पराठे अक्सर सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं, लेकिन अगर आप मल्टीग्रेन आटे से बने पराठे में पनीर, पालक या मेथी की स्टफिंग करें और कम घी-तेल का इस्तेमाल करें तो यह भी एक हेल्दी ऑप्शन बन सकता है। दही के साथ इसे खाने से स्वाद और पोषण दोनों बढ़ जाते हैं।
इडली और डोसा भी नाश्ते के लिए बेहतर विकल्प हैं। चावल और उड़द दाल से बनी इडली कैलोरी में हल्की और प्रोटीन में भरपूर होती है। नारियल चटनी और सांभर के साथ इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। आजकल बाजार में इंस्टेंट इडली-डोसा बैटर उपलब्ध है, जिससे यह नाश्ता जल्दी बन जाता है।
इसके अलावा अंडे भी सबसे आसान और फास्ट नाश्ता हैं। उबले अंडे, आमलेट या स्क्रैंबल्ड एग्स बहुत जल्दी तैयार हो जाते हैं और इनमें प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है। अगर दिन की शुरुआत प्रोटीन से भरपूर नाश्ते से की जाए तो शरीर लंबे समय तक एनर्जेटिक रहता है।
क्यों जरूरी है सही नाश्ता चुनना?
डॉक्टर और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स की मानें तो सुबह का नाश्ता कभी नहीं छोड़ना चाहिए। सही नाश्ता न सिर्फ सेहत को दुरुस्त रखता है, बल्कि यह बच्चों की पढ़ाई और बड़ों की कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है। इसलिए अगर आप भी भागदौड़ भरी जिंदगी में हेल्दी रहना चाहते हैं, तो सुबह का नाश्ता ज़रूर करें। ओट्स, पोहा, उपमा, स्मूदी, सैंडविच, पराठा, इडली-डोसा और अंडे जैसे आसान विकल्प चुनें। ये न सिर्फ जल्दी तैयार होते हैं बल्कि पूरे दिन के लिए आपके शरीर और दिमाग को भरपूर ऊर्जा देते हैं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



