कितनी देर चलाना चाहिए गीजर? लीटर कैपेसिटी के हिसाब से जानिए सही टाइमिंग
- Shubhangi Pandey
- 03 Nov 2025 03:56:19 PM
सर्दियों में गर्म पानी की जरूरत हर घर में होती है और इसके लिए गीजर सबसे भरोसेमंद तरीका माना जाता है। लेकिन बहुत से लोग गीजर को तब तक चलाए रखते हैं जब तक उसमें ऑटो कट न लग जाए। ऐसा करना गलत है, क्योंकि ऑटो कट सिर्फ सेफ्टी फीचर है, टाइम लिमिट नहीं। इससे बिजली की खपत बढ़ती है और गीजर की लाइफ भी घट जाती है। असल में गीजर कितनी देर चलाना चाहिए, ये उसकी लीटर कैपेसिटी पर निर्भर करता है।
3 से 6 लीटर वाला गीजर
अगर आपके पास 3 से 6 लीटर कैपेसिटी वाला गीजर है, तो ये आमतौर पर किचन या एक व्यक्ति के इस्तेमाल के लिए होता है। ऐसे गीजर में पानी की मात्रा कम होती है, इसलिए ये जल्दी गर्म हो जाता है। अगर बाहर का तापमान करीब 25°C है, तो गीजर को सिर्फ 5 मिनट चलाना काफी होता है। वहीं ठंड बढ़ने पर यानी तापमान 10°C या उससे कम हो जाए, तो इसे 8 से 9 मिनट तक चलाना सही रहेगा।
10 लीटर वाला गीजर
10 लीटर कैपेसिटी वाला गीजर छोटे परिवारों के लिए सही माना जाता है। इस कैपेसिटी के गीजर को अगर 25°C से 60°C तक पानी गर्म करना हो, तो 8 से 10 मिनट का समय देना चाहिए। अगर आपका गीजर 3kW का है, तो 7 से 8 मिनट में भी पानी पूरी तरह गर्म हो जाएगा।
25 लीटर वाला गीजर
25 लीटर कैपेसिटी वाले गीजर का इस्तेमाल ज्यादातर मीडियम साइज परिवारों में होता है। इतने पानी को गर्म करने में करीब 15 से 18 मिनट लगते हैं। अगर परिवार में कम लोग हैं या सिर्फ एक-दो लोग गर्म पानी लेते हैं, तो 8 से 10 मिनट चलाना ही पर्याप्त है। ज्यादा देर तक चलाने से बिजली की बर्बादी होती है और गीजर पर भी लोड बढ़ता है।
35 से 50 लीटर वाला गीजर
जॉइंट फैमिली या बड़े परिवारों में 35 से 50 लीटर वाले गीजर का इस्तेमाल होता है। अगर आपका गीजर 2kW का है, तो पानी गर्म होने में 20 से 25 मिनट लगेंगे। वहीं 3kW गीजर हो तो 18 से 20 मिनट में पानी तैयार मिल जाता है। अगर गीजर का इस्तेमाल सिर्फ कुछ लोगों को करना है, तो 12 से 15 मिनट तक चलाना ही काफी रहेगा। गीजर को जरूरत से ज्यादा देर तक चलाने से न सिर्फ बिजली की खपत बढ़ती है, बल्कि उसके अंदर का हीटिंग एलिमेंट भी जल्दी खराब होता है। इसलिए अगली बार गीजर ऑन करते वक्त उसकी कैपेसिटी के हिसाब से टाइमिंग ज़रूर ध्यान में रखो। इससे बिजली बचेगी, गीजर की लाइफ बढ़ेगी और पानी भी समय पर गर्म मिलेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



