घर में लगाइए ये चमत्कारी पौधा, खुलेगा किस्मत का ताला, बरसेगी लक्ष्मी की कृपा
- Shubhangi Pandey
- 09 Nov 2025 03:52:43 PM
अगर आप भी घर में गार्डनिंग का शौक रखते हैं और तरह-तरह के फूल-पौधे लगाना पसंद करते हैं तो आज हम आपको एक ऐसे पौधे के बारे में बताने जा रहे हैं जो न सिर्फ आपके घर की खूबसूरती बढ़ाएगा बल्कि आपकी किस्मत भी चमका सकता है। हम बात कर रहे हैं अपराजिता के पौधे की जिसे हिंदू धर्म में बेहद शुभ माना गया है।
घर में अपराजिता का पौधा क्यों लगाएं ?
अपराजिता का पौधा सिर्फ सुंदर फूलों के लिए ही नहीं बल्कि अपने सकारात्मक प्रभाव के लिए भी जाना जाता है। मान्यता है कि इस पौधे को घर में लगाने से नकारात्मकता दूर होती है और घर का माहौल सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। इसके अलावा वास्तु शास्त्र के अनुसार ये पौधा धन और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। कहा जाता है कि अपराजिता के पौधे से देवी लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है और घर में पैसों की कमी नहीं रहती।
अपराजिता का पौधा लगाने की सही दिशा
वास्तु शास्त्र में हर पौधे की अपनी दिशा बताई गई है और अपराजिता का पौधा लगाने के लिए पूर्व, उत्तर या उत्तर-पूर्व दिशा सबसे उत्तम मानी जाती है। खासकर उत्तर-पूर्व दिशा को ईशान कोण कहा जाता है जिसे भगवान का स्थान माना गया है। इस दिशा में अपराजिता का पौधा लगाने से घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है। अगर आपके घर में ज्यादा जगह नहीं है तो आप इस पौधे को मुख्य द्वार के दाहिनी ओर भी लगा सकते हैं। माना जाता है कि ऐसा करने से घर में प्रवेश करने वाली हर ऊर्जा शुभ बन जाती है और बुरी शक्तियां दूर रहती हैं।
अपराजिता के पौधे का महत्व
अपराजिता का पौधा देवी दुर्गा को समर्पित माना गया है। कई धार्मिक ग्रंथों में इसका उल्लेख मिलता है कि माता पार्वती को अपराजिता फूल अत्यंत प्रिय है। इसलिए इसे घर में लगाने से देवी की कृपा प्राप्त होती है। पूजा के समय इस फूल का इस्तेमाल करने से मन की शांति मिलती है और बाधाएं दूर होती हैं।
कब और कैसे लगाएं अपराजिता
अपराजिता को आप गमले या जमीन दोनों में लगा सकते हैं। इसे सुबह के समय लगाना शुभ होता है। ध्यान रखें कि पौधे को रोजाना हल्का पानी दें और इसे साफ-सुथरे स्थान पर रखें। सूखे फूलों को समय-समय पर हटा दें ताकि पौधा स्वस्थ बना रहे।
सौंदर्य, शांति और समृद्धि का प्रतीक
अपराजिता का नीला फूल न केवल देखने में सुंदर होता है बल्कि घर के वातावरण को भी शांत और पवित्र बनाता है। अगर आप अपने जीवन में सुख-समृद्धि चाहते हैं तो अपने घर के ईशान कोण में इस पौधे को जरूर लगाएं।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



