UN में भारत ने पाकिस्तान को दिया करारा जवाब , 'जो देश अपने ही लोगों पर बम बरसाए, वो हमें ना ....'
- Shubhangi Pandey
- 07 Oct 2025 02:49:07 PM
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की एक अहम बैठक में भारत ने पाकिस्तान की जमकर आलोचना की और उसका असली चेहरा दुनिया के सामने लाकर रख दिया। पाकिस्तान ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाकर भारत पर आरोप लगाए थे, खासकर कश्मीरी महिलाओं पर अत्याचारों का झूठा आरोप लगाया गया। इस पर भारत ने दो टूक जवाब देते हुए पाकिस्तान को याद दिलाया कि “जो देश अपने ही नागरिकों पर बम बरसाता है, उसे दूसरों को नैतिक शिक्षा देने का कोई हक नहीं”।
पाकिस्तान के आरोपों पर भारत का जोरदार पलटवार
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पर्वतनेनी हरीश ने महिला, शांति और सुरक्षा पर खुली बहस के दौरान पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि “पाकिस्तान एक ऐसा देश है जो सुनियोजित नरसंहार करता है और झूठ फैलाकर दुनिया को गुमराह करने की कोशिश करता है।” उन्होंने कहा कि हर साल पाकिस्तान जानबूझकर झूठा प्रोपेगैंडा फैलाता है, खासकर जम्मू-कश्मीर को लेकर, जो भारत का अभिन्न हिस्सा है। हरीश ने जोर देकर कहा कि भारत इस मुद्दे पर हमेशा साफ रहा है और उसका रिकॉर्ड महिला अधिकारों को लेकर साफ-सुथरा और मजबूत है।
‘400,000 महिलाओं का बलात्कार किया गया था’
भारतीय दूत ने पाकिस्तान की 1971 के ऑपरेशन सर्चलाइट की याद दिलाई, जब पाकिस्तानी सेना ने 400,000 महिलाओं का बलात्कार किया था। उन्होंने कहा कि ये इतिहास का सबसे भयानक और शर्मनाक अध्याय है जिसे आज भी दुनिया याद रखती है। हरीश ने कहा कि “जो देश अपनी ही महिलाओं के साथ ये दरिंदगी कर चुका हो, वो आज महिला अधिकारों की बात करता है, ये केवल दुनिया को गुमराह करने की चाल है।”
कश्मीर पर झूठा राग अलापता रहता है पाकिस्तान
UNSC में पाकिस्तान की काउंसलर साइमा सलीम ने भारत पर आरोप लगाए थे कि कश्मीरी महिलाओं को दशकों से यौन हिंसा का शिकार बनाया जा रहा है। इस पर भारत ने कहा कि ये बेबुनियाद और भ्रामक आरोप हैं जिनका कोई आधार नहीं है। भारत ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा और पाकिस्तान को बार-बार इसपर झूठ बोलकर दुनिया को गुमराह करने की आदत हो गई है।
'पाकिस्तान दुनिया में सबसे खराब मानवाधिकार रिकॉर्ड वाला देश'
संयुक्त राष्ट्र में ये पहली बार नहीं है जब भारत ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया हो। पिछले हफ्ते भी भारत ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा था कि वो उन देशों में से एक है जिनका मानवाधिकार रिकॉर्ड सबसे खराब है। भारत का कहना है कि पाकिस्तान को सबसे पहले अपने घर को सुधारना चाहिए, जहां अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव, महिलाओं पर अत्याचार और आतंकवाद को खुलेआम पनाह दी जाती है।
UN में भारत की सख्ती का बढ़ा समर्थन
भारत की ये स्पष्ट और तथ्य आधारित प्रतिक्रिया दुनियाभर में सराही जा रही है। भारत ने साफ कर दिया है कि वो अब हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान के झूठ और दुष्प्रचार का जवाब पूरी मजबूती के साथ देगा। बता दें कि भारत की आवाज एकदम साफ है कि "हम अपने देश की एकता, महिलाओं की गरिमा और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सच्चाई के साथ खड़े रहेंगे। पाकिस्तान जितना चाहे झूठ बोले, दुनिया अब उसकी सच्चाई समझ चुकी है।"
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



