भारत के ‘त्रिशूल’ अभ्यास से Pakistan में खौफ, हवाई उड़ान पर लगाई रोक!
- Ankit Rawat
- 25 Oct 2025 11:20:53 PM
भारत के सैन्य अभ्यास 'त्रिशूल' से पहले पाकिस्तान ने 28 और 29 अक्टूबर को अपने मध्य और दक्षिणी हवाई क्षेत्र (राजस्थान और गुजरात की सीमा से लगे क्षेत्र) को बंद करने का फैसला किया है। शनिवार को जारी नोटम (नोटिस टू एयरमैन) के अनुसार इन क्षेत्रों में हवाई मार्ग दो दिनों तक बंद रहेंगे और उड़ानें प्रतिबंधित रहेंगी। हालांकि पाकिस्तान ने इस कदम का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह किसी सैन्य अभ्यास या हथियारों के परीक्षण से जुड़ा हो सकता है। पर्यवेक्षक इसे 'त्रिशूल' सैन्य अभ्यास से जोड़ रहे हैं, जो पाकिस्तान सीमा के पास सर क्रीक के पास होगा। रक्षा विश्लेषक डेमियन साइमन ने सेटेलाइट चित्रों का हवाला देते हुए कहा कि यह अभ्यास 28,000 फीट की ऊंचाई तक होगा। जिससे यह हाल के सालों में सबसे बड़े सैन्य अभियानों में से एक बन जाएगा।
पाकिस्तान सीमा पर 30,000 सैनिक जुटेंगे
राजस्थान में भारत-पाकिस्तान सीमा पर अब तक का सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास 12 दिनों तक चलेगा। थार में थलसेना, वायुसेना और नौसेना के 30,000 सैनिक संयुक्त अभ्यास में भाग लेंगे। यह अभ्यास 30 अक्टूबर से शुरू होकर 10 नवंबर तक चलेगा। इस सैन्य अभ्यास के दौरान कुछ सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यावसायिक उड़ान मार्गों में बदलाव किया जा सकता है। यह अभ्यास जैसलमेर क्षेत्र से गुजरात के सर क्रीक क्षेत्र तक फैला होगा। हाल ही में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपनी गुजरात यात्रा के दौरान सर क्रीक सीमा विवाद पर चर्चा की थी। इसके ज़रिए पश्चिमी हवाई गलियारे में उड़ानों के लिए चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान इस क्षेत्र में व्यावसायिक उड़ानों के लिए मार्ग परिवर्तन हो सकते हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद सतर्कता बढ़ी
पश्चिमी सीमा पर हाल ही में हुए ऑपरेशन 'सिंदूर' के दौरान पाकिस्तान की ओर से ड्रोन गतिविधियां और घुसपैठ की कोशिशें बढ़ी हैं। इसलिए इस अभ्यास में विशेष रूप से ड्रोन-रोधी प्रणालियों, संचार जैमिंग और स्वचालित स्पेक्ट्रम निगरानी प्रणालियों जैसी आधुनिक तकनीकों का परीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा वायुसेना सटीक हमले, वायु रक्षा अवरोधन और बहु-डोमेन ऑपरेशन पर विशेष ध्यान देगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



