Mann Ki Baat 127: PM Modi ने छठ की दी दिल छू लेने वाली दी शुभकामनाएं!
- Ankit Rawat
- 26 Oct 2025 04:04:46 PM
प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम मन की बात का 127वां एपिसोड प्रसारित हुआ। अपने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं और लोगों से इस उत्सव में शामिल होने का आग्रह किया। मन की बात में प्रधानमंत्री मोदी ने जीएसटी बचत उत्सव, सरदार पटेल की 150वीं जयंती और एकता दौड़ जैसे विषयों पर बात की। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस साल त्योहारों के दौरान जीएसटी बचत उत्सव को लेकर लोगों में उत्साह है। बाज़ारों में स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी में ज़बरदस्त बढ़ोतरी हुई है।
छठ पर्व की दीं शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश त्योहारों की खुशियों से सराबोर है। कुछ दिन पहले दिवाली मनाई गई और अब छठ पर्व मनाया जा रहा है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वो जहां भी हों, छठ पर्व में शामिल हों। प्रधानमंत्री ने छठ के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा, "इस त्यौहार के अवसर पर, मैंने अपनी भावनाओं को साझा करते हुए एक पत्र लिखा। मैंने कई मुद्दों पर बात की। मुझे लोगों से प्रतिक्रिया मिली। लोगों को ऑपरेशन सिंदूर पर गर्व है। इस बार माओवादी इलाकों में भी दिवाली की खुशियां देखी गईं।"
वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ
प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से 7 नवंबर को "वंदे मातरम" की 150वीं वर्षगांठ को यादगार बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ये गीत प्रत्येक भारतीय में भावना और गौरव का संचार करता है, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए इसकी विरासत को आगे बढ़ाना अहम हो जाता है। मोदी ने कहा कि आने वाले दिनों में देश भर में "वंदे मातरम" से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से इन कार्यक्रमों में पूरे मन से भाग लेने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने ये भी याद दिलाया कि वंदे मातरम को सबसे पहले 1896 में रवींद्रनाथ टैगोर ने गाया था और ये गीत भारत की स्वतंत्रता की भावना का एक महत्वपूर्ण प्रतीक रहा है।
बेंगलुरु के इंजीनियर की तारीफ
प्रधानमंत्री ने बताया कि बेंगलुरु में इंजीनियर कपिल शर्मा ने छह झीलों और 40 कुओं की सफाई और पुनरुद्धार किया। उन्होंने कहा कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने कपिल शर्मा का भी आभार व्यक्त किया।
समुद्र तट के किनारे मैंग्रोव लगाने का आग्रह
प्रधानमंत्री ने समुद्र तट के किनारे और अधिक मैंग्रोव लगाने का आग्रह करते हुए कहा कि ये मैंग्रोव हमें सुनामी और अन्य आपदाओं से बचाते हैं। अहमदाबाद के धोलेरा तट पर 3,500 हेक्टेयर भूमि पर मैंग्रोव लगाए गए। इससे मछुआरों को भी लाभ हो रहा है और जलीय जीवन में भी बढ़ोत्तरी हुई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



