भारत-चीन सीमा पर भारी बर्फबारी, सिक्किम में रेड अलर्ट, चक्रवात ‘मोन्था’ से यूपी-छत्तीसगढ़ में बारिश और फसलें बर्बाद
- Shubhangi Pandey
- 31 Oct 2025 07:55:13 PM
भारत-चीन सीमा से सटे सिक्किम के पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार को जोरदार बर्फबारी हुई। सुबह से ही नाथुला, कुपुप और त्सोम्गो (चांगू) झील के आसपास बर्फ की मोटी परत जम गई। तापमान अचानक गिरकर शून्य से नीचे पहुंच गया। कई जगहों पर वाहनों की आवाजाही रुक गई है। मौसम विभाग (IMD)ने सिक्किम में रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में मौसम और खराब होने की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों को ऊँचाई वाले इलाकों में न जाने की सलाह दी है। बीआरओ (बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन) की टीमें बर्फ हटाने का काम कर रही हैं, लेकिन लगातार बर्फबारी से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है। इससे सेना और स्थानीय प्रशासन को राहत कार्यों में मुश्किलें हो रही हैं।
चक्रवात ‘मोन्था’ ने छत्तीसगढ़ में मचाई बारिश की तबाही
इस बीच चक्रवात ‘मोन्था’ का असर देश के मध्य और पूर्वी हिस्सों में दिखने लगा है। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे से तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और जगदलपुर समेत कई जिलों में मौसम बिगड़ा हुआ है। तेज बारिश के कारण कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। रेलवे ने कुछ मार्गों पर अस्थायी बदलाव किए हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवात ‘मोन्था’ धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ रहा है और अगले दो दिनों में उत्तर प्रदेश और बिहार तक असर दिखा सकता है।
यूपी में किसानों की फसलें बर्बाद
उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में वाराणसी, बलिया, गाजीपुर, मऊ और देवरिया में शुक्रवार सुबह से रुक-रुक कर बारिश जारी है। गांवों में खेत पूरी तरह पानी में डूब गए हैं। कटी हुई धान की फसलें खेतों में पड़ी थीं, जो अब पानी में गल रही हैं। किसानों को भारी नुकसान का डर है। मऊ जिले के किसानों ने बताया कि “फसल कटाई के बाद सुखाने का मौका ही नहीं मिला, लगातार बारिश ने सब बर्बाद कर दिया।” कई जिलों में बिजली कटौती और गिरे पेड़ों से रास्ते भी बाधित हैं।
बंगाल और बिहार में भी अलर्ट
IMD ने पश्चिम बंगाल के कई जिलों में मध्यम बारिश की चेतावनी दी है। कहा गया है कि अगले 24 घंटों में चक्रवात के असर से तेज हवाएँ चलेंगी और कुछ जगहों पर बिजली गिरने की संभावना भी है। बिहार में भी शनिवार से बारिश का असर शुरू होने की संभावना है।
यात्रियों और पर्यटकों के लिए चेतावनी
सिक्किम में बर्फबारी और उत्तर भारत के कई हिस्सों में खराब मौसम को देखते हुए अधिकारियों ने यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सेना और स्थानीय प्रशासन लगातार अलर्ट पर हैं ताकि आपात स्थिति में राहत और बचाव तेजी से किया जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



