Mayawati का मास्टरस्ट्रोक: Akash Anand फिर बने BSP के नंबर-2, 2027 के लिए क्या है रणनीति?
- Shubhangi Pandey
- 29 Aug 2025 05:56:35 PM
बहुजन समाज पार्टी (BSP) की सुप्रीमो मायावती ने एक बार फिर अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी में बड़ा ओहदा देकर सबको चौंका दिया है। 28 अगस्त 2025 को आकाश को चीफ नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। यह कदम 2026 के पंचायत चुनाव और 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए रणनीतिक तौर पर अहम माना जा रहा है। आइए जानते हैं कि मायावती की इस चाल के पीछे क्या वजह है और आकाश आनंद की नई भूमिका क्या होगी?
आकाश के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी!
आकाश आनंद का BSP में सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 2017 में मायावती ने उन्हें पहली बार सियासी मंच पर उतारा। 2019 में वो स्टार प्रचारक बने और 2023 में मायावती ने उन्हें अपना उत्तराधिकारी घोषित किया। लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में उनकी जिम्मेदारियां छीन ली गईं और मार्च 2025 में उन्हें पार्टी से भी निकाल दिया गया। मायावती ने तब कहा था कि उनकी अंतिम सांस तक कोई उत्तराधिकारी नहीं होगा। लेकिन महज एक महीने बाद 13 अप्रैल 2025 को आकाश को माफ कर दिया गया और 18 मई को उन्हें फिर नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया गया। अब 103 दिन बाद आकाश को और बड़ी जिम्मेदारी मिली है। नए रोल में आकाश अब पूरे देश में BSP के कार्यक्रमों की निगरानी करेंगे और सीधे मायावती को रिपोर्ट करेंगे। पहले वो सिर्फ कुछ राज्यों तक सीमित थे, लेकिन अब उनका दायरा पूरे देश तक फैल गया है।
BSP हासिल कर पाएगी खोई हुई साख?
इस वक्त BSP के सामने सबसे बड़ी चुनौती है अपने खोए वोट बैंक को वापस लाना। 2007 में पार्टी ने 30.43% वोट के साथ 206 सीटें जीती थीं, लेकिन 2022 में सिर्फ 12.88% वोट और 1 सीट मिली। 2024 के लोकसभा चुनाव में तो पार्टी का खाता भी नहीं खुला। आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद, BJP, SP और कांग्रेस जैसे दल BSP के वोट बैंक में सेंध लगा रहे हैं।
माया की क्या है चाल ?
मायावती की रणनीति साफ है आकाश के युवा जोश और आधुनिक सोच के जरिए दलित, OBC और अल्पसंख्यक वोटरों को फिर से जोड़ना। पार्टी कैडर कैंप और बूथ-स्तरीय संगठन मजबूत कर रही है। आकाश की जिम्मेदारी है कि वो न सिर्फ वोट बैंक वापस लाएं बल्कि कार्यकर्ताओं में जोश भी भरें। BSP नेता मानते हैं कि आकाश का नया रोल 2027 में पार्टी को मजबूत करेगा। अब देखना यह है कि क्या आकाश इस मौके को भुना पाएंगे और BSP की खोई जमीन वापस ला पाएंगे?
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



