Bihar चुनाव के बाद सियासी हलचल तेज, NDA की सुनामी से महागठबंधन बिखरा, Delhi से Patna तक हर कदम पर बढ़ी बेचैनी
- Ankit Rawat
- 15 Nov 2025 06:21:12 PM
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद पटना में सियासत का तापमान लगातार बढ़ रहा है। जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे जहां उन्होंने नीतीश कुमार से मुलाकात की। थोड़ी देर बाद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी वहां पहुंचे। सुबह से ही नीतीश कुमार के आवास पर नेताओं का पहुंचना जारी है। फुलवारी शरीफ से नवनिर्वाचित विधायक और पूर्व मंत्री श्याम रजक भी नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे जिससे साफ दिख रहा है कि NDA की बड़ी जीत के बाद अंदरखाने महत्वपूर्ण चर्चा चल रही है।
AIMIM की पांच सीटों पर जीत
बिहार में AIMIM ने एक बार फिर अपनी पकड़ साबित की और पांच सीटों पर जीत दर्ज की। किशनगंज समेत कई इलाकों में नतीजों ने सभी को चौंकाया। पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इसे जनता का समर्थन बताया। बहादुरगंज से विजयी उम्मीदवार ने तेजस्वी यादव पर वार किया और कहा कि मुसलमान को टिशू पेपर समझने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है।
NDA 200 के पार दिल्ली में जश्न का माहौल
NDA ने इस बार धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 200 से ज्यादा सीटें हासिल कीं। महागठबंधन सिर्फ 35 सीटों पर सिमटा। बीजेपी मुख्यालय दिल्ली में जश्न का माहौल रहा जहां पीएम मोदी गमछा लहराते हुए कार्यकर्ताओं का अभिवादन करने पहुंचे। वहां NDA सरकार के समर्थन में जोरदार नारे लगे। दूसरी तरफ महागठबंधन के नेताओं ने चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाए और नतीजों को लेकर आपत्ति जताई।
कांग्रेस नेताओं ने खोला मोर्चा
RJD की सीटें 30 से भी नीचे रहीं जबकि कांग्रेस सिर्फ छह सीटें जीत सकी। इसके बाद RJD और कांग्रेस ने EVM और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव शुरू से निष्पक्ष नहीं था। अखिलेश यादव ने भी SIR के जरिए बिहार में खेल होने का दावा किया। हार के बाद कांग्रेस में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आई। कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि टिकट बांटने में देरी की वजह से ये नतीजे आए हैं। अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल ने भी नेतृत्व पर सवाल उठाए।
BJP में खुशी की लहर, जल्द तय होगा नेता
NDA की जीत के बाद बीजेपी खेमे में उत्साह साफ दिख रहा है। दिलीप जायसवाल ने पीएम मोदी और नीतीश कुमार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने जीत का मंत्र दिया था और अब नेतृत्व को लेकर तेजस्वी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि दो दिनों में सब तय हो जाएगा। पहले NDA के सभी दलों की अलग बैठक होगी जिसमें विधायक अपना नेता चुनेंगे। इसके बाद संयुक्त बैठक में औपचारिक ऐलान होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



