Sapa के 'फरार फाइटर' पर शिकंजा: 7 करोड़ की बादशाहत जब्त, गिरफ्तारी पर 1 लाख का इनाम !
- Ankit Rawat
- 02 Sep 2025 07:39:53 PM
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के समाजवादी पार्टी (सपा) नेता और कार्यवाहक जिलाध्यक्ष गुलशन यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पुलिस ने उन पर शिकंजा कसते हुए उनकी करोड़ों की संपत्ति जब्त कर ली है। यही नहीं अब उनकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है। ये कार्रवाई एसपी डॉ. अनिल कुमार की सिफारिश पर एडीजी स्तर से की गई है। गुलशन यादव पर गंभीर अपराधों के कुल 53 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या का प्रयास, रंगदारी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे बड़े आरोप शामिल हैं। ये मामले प्रतापगढ़ और प्रयागराज के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गुलशन पिछले एक साल से फरार हैं और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
करोड़ों की संपत्ति कुर्क
गुलशन यादव की गिरफ्तारी से पहले ही पुलिस उनकी संपत्ति पर कार्रवाई कर चुकी है। अब तक उनकी 7 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। पुलिस का दावा है कि ये संपत्ति अपराध और अवैध तरीकों से अर्जित की गई थी। माफिया और अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत ये बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
राजा भैया के खिलाफ लड़ा था चुनाव
गुलशन यादव तब सुर्खियों में आए जब उन्होंने प्रतापगढ़ की कुंडा विधानसभा सीट से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के खिलाफ चुनाव लड़ा। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उस चुनाव के दौरान दोनों नेताओं के बीच खूब राजनीतिक बयानबाजी हुई। तभी से गुलशन यादव राजनीति और विवाद दोनों में चर्चा का विषय बने रहे।
गिरफ्तारी के लिए सख्ती
गंभीर आरोपों और लंबे समय से फरार रहने की वजह से अब पुलिस और ज्यादा सख्त हो गई है। उनकी लोकेशन का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों और डिजिटल ट्रैकिंग की मदद ली जा रही है। इनाम घोषित होने से पुलिस को उम्मीद है कि अब जल्द ही उनकी गिरफ्तारी हो जाएगी।
राजनीति और पुलिस महकमे में हलचल
गुलशन यादव पर लगातार हो रही कार्रवाई ने प्रतापगढ़ की राजनीति में हलचल मचा दी है। उनकी संपत्ति कुर्क होने और इनाम घोषित होने से साफ है कि अब पुलिस उन्हें हर हाल में पकड़ना चाहती है। लोग भी देख रहे हैं कि लंबे समय से फरार इस सपा नेता का अगला कदम क्या होगा और पुलिस कब तक उन्हें गिरफ्तार कर पाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



