Munawar Faruqui के लिए किसने रची जानलेवा साजिश, एक चूक और खत्म हो जाता सब कुछ, Delhi पुलिस का बड़ा खुलासा
- Ankit Rawat
- 03 Oct 2025 12:39:44 AM
नई दिल्ली के जैतपुर-कालिंदी कुंज रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो शूटरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि ये शूटर कुख्यात रोहित गोदरा, गोल्डी बराड़ और वीरेंद्र चारण गैंग से जुड़े हुए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि इन्हें मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी की हत्या की सुपारी दी गई थी।
विदेश से रची गई थी साजिश
पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस पूरी वारदात की साजिश विदेश से रची गई थी। एक प्रमुख टीवी चैनल की रिपोर्ट में दावा किया गया कि गैंगस्टर रोहित गोदरा और गोल्डी बराड़ ने मिलकर ये प्लान बनाया था। वजह बताई जा रही है कि फारूकी के कुछ पुराने शो में हिंदू देवताओं पर किए गए जोक्स से नाराज होकर गैंग ने ये कदम उठाया।
पहले हो चुकी थी रेकी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पानीपत के राहुल और भिवानी के साहिल के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया है कि वो पहले भी फारूकी की रेकी कर चुके थे। एक बार मुंबई में और एक बार बेंगलुरु में उन्होंने उनकी लोकेशन पर नजर रखी। बेंगलुरु में तो हमला करने की कोशिश भी की गई थी लेकिन अचानक फारूकी ने कार बदल ली और वारदात टल गई।
कौन हैं मुनव्वर फारूकी?
मुनव्वर फारूकी देश के जाने माने स्टैंडअप कॉमेडियन हैं। उनकी उम्र 33 साल है। 2024 में उन्होंने बिग बॉस का खिताब जीतकर सुर्खियां बटोरीं थीं। इंस्टाग्राम पर उनके 14.2 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वो कई बार विवादों में भी घिर चुके हैं। 2021 में हिंदू देवताओं पर मजाक करने के आरोप में उन्हें मध्य प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार किया था और वो एक महीने से ज्यादा जेल में रहे थे। 2024 में मुंबई पुलिस ने उन्हें एक अवैध हुक्का बार से डिटेन किया था हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।
मुठभेड़ में घायल हुआ बदमाश
गुरुवार रात हुई मुठभेड़ में पुलिस और बदमाशों के बीच गोलियां चलीं। इस दौरान आरोपी राहुल को गोली लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहुल पहले से ही कई मामलों में वांछित था। दिसंबर 2024 में हरियाणा के यमुनानगर में हुए ट्रिपल मर्डर केस में भी उसका नाम शामिल है।
पुलिस ने बरामद किए हथियार
घटनास्थल से पुलिस ने हथियार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट इस ऑपरेशन को बड़ी सफलता मान रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर वक्त पर कार्रवाई न होती तो मुनव्वर फारूकी पर बड़ा हमला हो सकता था।
समय रहते टल गया हमला
फिलहाल मुनव्वर फारूकी पर हमला टल गया है। पुलिस का दावा है कि गैंगस्टर्स ने विदेश से प्लान बनाया था और लगातार शूटरों को टास्क दिया जा रहा था। लेकिन पुलिस की सतर्कता ने ये वारदात होने से पहले ही रोक दी।
अब भी जांच जारी
दिल्ली पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शूटरों से मिले इनपुट के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। साथ ही विदेश में बैठे गैंगस्टर्स पर भी नजर रखी जा रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



