‘RJD को डुबोने का ठेका Congress ने लिया’, Bihar में Modi का तीखा वार! जंगलराज की डिक्शनरी में बस कट्टा और करप्शन
- Ankit Rawat
- 03 Nov 2025 06:12:45 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सहरसा में हुई जनसभा में बिहार की राजनीति पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास की राह में कांग्रेस और आरजेडी सबसे बड़ी रुकावट हैं। दोनों पार्टियां सिर्फ सत्ता की राजनीति करती हैं और जनता के भविष्य से खेलती हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने तो अब आरजेडी को डुबोने का ठेका ही ले लिया है।
कांग्रेस-आरजेडी का खेल
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी को विकास की भाषा समझ ही नहीं आती। उनकी डिक्शनरी में बस कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन जैसे शब्द भरे हैं। उन्होंने कहा कि जंगलराज की पाठशाला में इन्होंने यही सीखा है।मोदी बोले, “दरअसल कांग्रेस नहीं चाहती थी कि आरजेडी का कोई नेता मुख्यमंत्री बने। कई महीनों से कांग्रेस नेताओं ने ऐसा माहौल बनाया हुआ था। लेकिन नामांकन की आखिरी तारीख से पहले आरजेडी ने कांग्रेस की कनपटी पर कट्टा रख कर मुख्यमंत्री का नाम ऐलान कर दिया। अब कांग्रेस के नेता खुद आरजेडी को डुबोने में लगे हैं।”
‘एनडीए की पहचान विकास से, आरजेडी-कांग्रेस की पहचान विनाश से’
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब बिहार पर आरजेडी और कांग्रेस की सरकार थी तब सिर्फ अंधकार था। सड़कों से लेकर अस्पताल तक सब खस्ताहाल थे। कोसी और मिथिलांचल के लोग 300 किलोमीटर का सफर तय कर इस पार से उस पार जाते थे, लेकिन अब ये दूरी 30 किलोमीटर से भी कम रह गई है। उन्होंने कहा कि एनडीए की पहचान विकास से है जबकि आरजेडी-कांग्रेस की पहचान विनाश से। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिहार के युवाओं को रोजगार और सम्मान देने के लिए एनडीए को ही वोट दें।
‘बिहार की बहनों ने बदला भविष्य’
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की महिलाएं आज देशभर में मिसाल बन चुकी हैं। जीविका दीदी अभियान और मुख्यमंत्री रोजगार योजना ने लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने बताया कि करीब 1.40 करोड़ बहनों के खातों में 10-10 हजार रुपए पहुंच चुके हैं। मोदी ने कहा, “एनडीए सरकार बनने के बाद इस योजना को और बढ़ाया जाएगा। लेकिन ये जंगलराज वाले ऐसे हर प्रयास को रोकना चाहते हैं। इसलिए बिहार की हर बहन-बेटी को सतर्क रहना होगा।”
‘महिला वर्ल्ड कप जीत देश के लिए गर्व की बात’
पीएम मोदी ने मंच से भारतीय महिला क्रिकेट टीम को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुंबई में भारत की बेटियों ने इतिहास रच दिया है। 25 साल बाद दुनिया को नया वर्ल्ड चैंपियन मिला है और वो भी भारत की बेटियां बनी हैं। उन्होंने कहा, “बिहार हमेशा से नारी शक्ति की भूमि रही है। माता सीता, देवी भारती और विदुषी गार्गी जैसी महिलाओं ने इस धरती को गौरव दिया है। आज हमारी बेटियों ने एक बार फिर देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।” बिहार की जनता से पीएम मोदी ने कहा कि ये वक्त चुनावी वादों पर नहीं, बल्कि सच्चे विकास पर भरोसा करने का है। बिहार का युवा, बिहार में काम करे और बिहार का नाम करे यही एनडीए का संकल्प है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



