Asia Cup 2025: India की धमाकेदार जीत, Sri Lanka को सुपर ओवर में चटाई धूल!
- Ankit Rawat
- 27 Sep 2025 02:26:44 PM
एशिया कप 2025 में भारत का धमाल थमने का नाम नहीं ले रहा। 26 सितंबर 2025 को दुबई में सुपर-4 के आखिरी मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को सुपर ओवर में धूल चटाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 202/5 रन ठोक डाले। ये इस टूर्नामेंट में पहली बार किसी टीम ने 200 का आंकड़ा पार किया। टी20 एशिया कप में ये दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और तिलक वर्मा की धुआंधार पारियों ने श्रीलंका को बैकफुट पर ला दिया। सुपर ओवर में अर्शदीप सिंह ने कमाल दिखाया और भारत ने फाइनल से पहले अपनी ताकत दिखा दी।
अभिषेक शर्मा का तूफानी अंदाज
अभिषेक शर्मा ने एक बार फिर साबित किया कि वो क्यों भारत के टॉप बल्लेबाज हैं। उन्होंने सिर्फ 31 गेंदों में 61 रन ठोक डाले। 8 चौके और 2 छक्कों से सजी उनकी पारी ने पावरप्ले में भारत को 71/1 तक पहुंचाया। ये उनका टूर्नामेंट में चौथा अर्धशतक था। अभिषेक ने दुष्मंथा चमीरा को निशाना बनाया और एक ओवर में छक्का और दो चौके जड़कर 15 रन बटोरे। उनकी 59 रनों की साझेदारी ने भारत को मजबूत शुरुआत दी।
सैमसन और तिलक ने बिखेरा जलवा
संजू सैमसन और तिलक वर्मा ने मिडिल ओवर्स में कमाल किया। सैमसन ने 23 गेंदों में 39 रन बनाए जिसमें 1 चौका और 3 छक्के शामिल थे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने श्रीलंका के गेंदबाजों को परेशान किया। तिलक वर्मा 34 गेंदों में 49 रन बनाकर नाबाद रहे। 4 चौके और 1 छक्के के साथ उन्होंने पारी को संभाला और 66 रनों की साझेदारी की। दोनों ने भारत को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
शुभमन और सूर्या का बल्ला खामोश, हार्दिक फिर फ्लॉप
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शुभमन गिल सिर्फ 4 रन बनाकर महीष थीक्ष्णा का शिकार बने। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी 13 गेंदों में 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हार्दिक पांड्या का खराब फॉर्म जारी रहा। वो सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए। श्रीलंका के खिलाफ टी20 में हार्दिक का बल्ला हमेशा फीका रहा है। 13 पारियों में उनका औसत सिर्फ 12.5 है और बेस्ट स्कोर 29 रन।
श्रीलंका की गेंदबाजी और सुपर ओवर ड्रामा
श्रीलंका के लिए पांच गेंदबाजों ने एक-एक विकेट लिया। महीष थीक्ष्णा ने 36 रन देकर 1 विकेट लिया जबकि चमीरा, हसरंगा, शनाका और असालंका ने भी एक-एक शिकार किया। जवाब में श्रीलंका ने पथुम निसांका के 107 रनों की बदौलत 202/5 बनाए लेकिन अर्शदीप सिंह ने सुपर ओवर में 2 विकेट लेकर सिर्फ 2 रन दिए। सूर्यकुमार ने पहली ही गेंद पर 3 रन लेकर भारत को फाइनल में अजेय बनाए रखा। अब भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *



